देवभोग। CG NEWS: सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय माहेश्वरी समाज द्वारा रविवार को विकासखंड देवभोग के झाखरपार में चौथे निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 200 मरीजों की आंखों की जांच की, जिनमें से 150 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए रायपुर स्थित जीएम नेत्रालय भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं अन्य मरीजों को आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।


शिविर के दौरान मरीजों का पंजीयन, जांच एवं परामर्श की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे दूर-दराज के ग्रामीणों को बिना किसी परेशानी के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सका। समाज के सदस्यों एवं महिला विंग के कार्यकर्ताओं ने पूरे आयोजन में सक्रिय सहयोग करते हुए मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।
माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष मयूर भट्टर ने बताया कि समाज का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आंखों की बीमारी को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।
समाज के संरक्षक अनिल कुमार माहेश्वरी ने कहा कि सेवा ही माहेश्वरी समाज की सबसे बड़ी पहचान है। समाज केवल सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता को अपना दायित्व मानता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को इसी तरह निरंतर जारी रखा जाएगा।
गौरतलब है कि माहेश्वरी समाज इससे पहले देवभोग, घुमरगुड़ा और कैंटपदर में भी निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित कर सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को उपचार उपलब्ध करा चुका है। समाज के इस सेवा अभियान को ग्रामीणों ने सराहते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा जताई।
शिविर में समाज के सचिव सुभाष माहेश्वरी, पदाधिकारी, महिला विंग के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।






