
रानीतराई। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रानीतराई में वर्षों से एक भी नियमित शिक्षक पदस्थ नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई अटैचमेंट व्यवस्था के भरोसे चल रही है। स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पाने से पालकों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिक्षा विभाग से नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों एवं पालकों ने 8 जुलाई को स्कूल में तालाबंदी करने का निर्णय लिया है। इसकी सूचना संबंधित शिक्षा विभाग को भी दे दी गई है।
तालाबंदी के निर्णय में शाला विकास समिति अध्यक्ष अशोक शर्मा, जनपद प्रतिनिधि भेदप्रकाश वर्मा, सरपंच सत्यनारायण टिकरिहा, उपसरपंच राजा ठाकुर सहित समस्त पालकगण शामिल हैं। उनका कहना है कि जब तक विद्यालय में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।





