(पाटन)। संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, मर्रा (पाटन) में बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत एंटी-रैगिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।महाविद्यालय की एंटी-रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सी.आर. नेताम ने विद्यार्थियों को रैगिंग के विभिन्न स्वरूपों, इससे संबंधित नियमों एवं इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आपसी सम्मान, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल समिति अथवा महाविद्यालय प्रशासन से संपर्क करने की बात कही।एंटी-रैगिंग स्क्वॉड के अध्यक्ष इंजी. के.के.एस. महिलांग ने एंटी-रैगिंग कमेटी एवं स्क्वॉड की भूमिका से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने UGC के एंटी-रैगिंग पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन एवं अंडरटेकिंग भरने की प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग विरोधी शपथ भी दिलाई गई, जिसमें उन्होंने रैगिंग में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल न होने, इसे बढ़ावा न देने तथा सभी विद्यार्थियों के साथ सम्मानपूर्ण व्यवहार करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





