जांजगीर-चांपा/भरत सिंह चौहान। CG ACCIDENT NEWS : जिले के अकलतरा ब्लॉक अंतर्गत भैंसतरा-करहीडीह मार्ग पर अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार सोनवानी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने उचित मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से डीएसपी, नायब तहसीलदार, अकलतरा थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार का कहना था कि इस मार्ग पर गिट्टी क्रेशर के भारी वाहन लगातार गुजरते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, वाहन मालिक और क्रेशर संचालक के बीच हुई बातचीत के बाद सहमति बनी। पीड़ित परिवार को 3 लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक सदस्य को गिट्टी क्रेशर में रोजगार उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद बिना चक्काजाम किए मामला शांत हुआ। वहीं पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है।







