पाटन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सांकरा में शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन एवं विद्यालय से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एस.एम.डी.सी. अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच रवि सिंगौर, ग्राम पंचायत मोतीपुर के सरपंच मोहन लोधी, प्राचार्य आर.के. चौरे, व्याख्याता एम.एल. साहू, सांसद प्रतिनिधि मनहरण सिंगौर, विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश चंद्राकर, पंच श्यामू बंजारे, कामता सिंगौर, संतोष सिंगौर, तिहारु बघेल सहित विद्यालय परिवार, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के माध्यम से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए निरंतर प्रेरित करने का आग्रह किया।
विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि गत शैक्षणिक वर्षों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा, विद्यार्थियों की मेहनत एवं पालकों के सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय उत्कृष्ट परिणामों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की परंपरा को बनाए रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सरपंच रवि सिंगौर ने विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामवासियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अथवा स्वयं के नाम से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा प्रत्येक बालक-बालिका को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।






