पाटन। शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खो-खो चयन स्पर्धा का आयोजन 7 जुलाई को ग्राम झीट स्थित खेल मैदान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट (पाटन) के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड की विभिन्न शालाओं से लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एडवेंचर खो-खो क्लब के अध्यक्ष पवन ठाकुर, एकलव्य खो-खो क्लब के अध्यक्ष टीकाराम साहू, पूर्व माध्यमिक शाला झीट के प्रधान पाठक छत्तर राम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा पाटन विकासखंड की विभिन्न शालाओं से आए व्यायाम शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का भी विकास करते हैं। उन्होंने चयन स्पर्धा में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन आगामी जिला स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।





