रायपुर। रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन तोमन साहू ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी टीम में अंगदान, देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दुर्ग निवासी समाजसेवी जितेंद्र हासवानी को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया है।
जितेंद्र हासवानी की इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर मठ मंदिर परिषद के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष वाय. राजेंद्र राव, रेड ड्रॉप के संयोजक सूरज साहू, छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता अनिरुद्ध ताम्रकार, संगठन सचिव हीराशंकर साहू, निशु पाण्डेय, आर्टकॉम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि समाजसेवी जितेंद्र हासवानी लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे नव दृष्टि फाउंडेशन, रेड ड्रॉप, मानव अधिकार फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर रक्तदान, नेत्रदान, देहदान एवं अन्य जनसेवा कार्यों में निरंतर योगदान देते आ रहे हैं।
उनकी सामाजिक सक्रियता, सेवा भावना और जनहित के प्रति समर्पण को देखते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में अंगदान, नेत्रदान, देहदान एवं त्वचा दान के प्रति जन-जागरूकता अभियान को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर जितेंद्र हासवानी ने अपने चयन पर रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा प्रदेशभर में अंगदान, देहदान, नेत्रदान एवं त्वचा दान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।





