अमरावती। CCTV Viral Video: महाराष्ट्र के अमरावती शहर में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले राजकमल चौक के पास एक बेखौफ चोर ने दिनदहाड़े जिम के बाहर लगा करीब 35 से 40 किलो वजनी वॉटर कूलर उखाड़ा, उसे अपने कंधे पर रखा और आराम से पैदल चलता हुआ फरार हो गया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के मुताबिक, जिम संचालक सुशांत रोडे ने लोगों की सुविधा के लिए जिम के पोर्च में ठंडे पानी का वॉटर कूलर लगाया था। दोपहर के समय एक युवक वहां पहुंचा और पहले आसपास का जायजा लिया। इसके बाद उसने बिना किसी जल्दबाजी के कूलर को पाइपलाइन से अलग किया, कंधे पर उठाया और भीड़भाड़ वाले बाजार से निकल गया।

कुछ देर बाद जब जिम संचालक मौके पर पहुंचे तो वॉटर कूलर गायब मिला और पाइपलाइन टूटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी बेखौफ अंदाज में कंधे पर वॉटर कूलर लेकर जाता दिखाई दिया। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज में भी आरोपी राजकमल चौक से गुजरता नजर आया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि व्यस्त सड़क पर लोगों की आवाजाही लगातार जारी रही, लेकिन किसी ने भी आरोपी को रोकने या उससे पूछताछ करने की कोशिश नहीं की। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद जिम संचालक ने कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
इस अनोखी चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भारी-भरकम वॉटर कूलर को आसानी से कंधे पर उठाकर ले जाने के कारण लोग आरोपी को ‘बाहुबली चोर’ का नाम दे रहे हैं।






