मुंबई। Baahubali The Eternal War: भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल ‘बाहुबली’ का यूनिवर्स अब और बड़ा होने जा रहा है। जहां एक ओर ‘बाहुबली 3’ को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर मेकर्स ने एनिमेटेड फिल्म ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ के जरिए फैंस को एक बिल्कुल नई कहानी दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस फिल्म का निर्देशन ईशान शुक्ला कर रहे हैं और हाल ही में उन्होंने फिल्म की कहानी और इसके कॉन्सेप्ट से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं।
निर्देशक के मुताबिक, ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ दो भागों में बनाई जाएगी। इसकी कहानी अमरेंद्र बाहुबली की मृत्यु के बाद शुरू होगी। फिल्म में दिखाया जाएगा कि धरती पर जीवन समाप्त होने के बाद बाहुबली की आत्मा परलोक की यात्रा करती है, जहां उसे ‘देवासुर संग्राम’ जैसी महायुद्ध का सामना करना पड़ता है। यानी इस बार कहानी महिष्मती की सीमाओं से निकलकर एक दिव्य और पौराणिक दुनिया में पहुंचने वाली है।

कैसे शुरू हुआ इस फिल्म का आइडिया?
ईशान शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2024 में वह अपनी एक एनिमेशन फिल्म के साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में शामिल हुए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात ‘बाहुबली’ के निर्माता शोबू यरलगड्डा से हुई। बातचीत के दौरान शोबू ने इच्छा जताई कि ‘बाहुबली’ की दुनिया को एनिमेशन के जरिए आगे बढ़ाया जाए।
इसके बाद ईशान ने अमरेंद्र बाहुबली की मृत्यु के बाद की कहानी पर एक कॉन्सेप्ट तैयार किया और उसे मेकर्स के सामने पेश किया। यह विचार पसंद आने के बाद एस.एस. राजामौली की टीम के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया।
परलोक में होगी बाहुबली की नई यात्रा
निर्देशक के अनुसार, भारतीय धर्मग्रंथों में पृथ्वी के अलावा कई लोकों का उल्लेख मिलता है। इसी विचार से प्रेरित होकर फिल्म की कहानी तैयार की गई है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि मृत्यु के बाद अमरेंद्र बाहुबली किन परिस्थितियों से गुजरता है, उसके सामने कौन-कौन सी चुनौतियां आती हैं और वह देवताओं तथा असुरों के बीच होने वाले महायुद्ध में किस भूमिका में नजर आएगा।
कटप्पा का राज रहेगा कहानी का अहम हिस्सा
ईशान शुक्ला का कहना है कि अमरेंद्र बाहुबली के जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी यही थी कि उसे कभी यह जानने का मौका नहीं मिला कि कटप्पा ने उसे क्यों मारा। निर्देशक का मानना है कि यही अधूरी कहानी दर्शकों को आज भी भावुक करती है। फिल्म में इसी भावना को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी और बाहुबली के मन में उठने वाले सवालों को नए तरीके से दिखाया जाएगा।
महेंद्र से ज्यादा लोकप्रिय है अमरेंद्र बाहुबली
निर्देशक ने कहा कि दर्शकों के बीच अमरेंद्र बाहुबली का किरदार आज भी सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। उनके अनुसार, यह किरदार त्याग, धर्म और आदर्शों का प्रतीक है। यही वजह है कि लोग उसकी कहानी को और आगे बढ़ते हुए देखना चाहते हैं।
2027 में रिलीज का लक्ष्य
ईशान शुक्ला ने बताया कि फिल्म का प्री-प्रोडक्शन पूरा हो चुका है। हालांकि एनिमेशन फिल्मों में काफी समय लगता है, इसलिए मेकर्स ने 2027 में ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ के पहले भाग को रिलीज करने का लक्ष्य रखा है।
‘बाहुबली 3’ को लेकर भी बढ़ी उत्सुकता
हाल ही में प्रभास, राणा दग्गुबाती और अनुष्का शेट्टी ने भी ‘बाहुबली 3’ को लेकर संकेत दिए हैं। इसके बाद से फैंस को उम्मीद है कि राजामौली का यह ऐतिहासिक सिनेमाई यूनिवर्स आने वाले वर्षों में और भी बड़े स्तर पर विस्तार लेगा। फिलहाल दर्शकों की नजर ‘बाहुबली: द एटर्नल वॉर’ पर टिकी है, जो महिष्मती की कहानी को एक नए और अनदेखे आयाम तक ले जाने का दावा कर रही है।






