रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने देशभर के 300 से अधिक फाइव स्टार होटलों को अपना निशाना बनाया। आरोपी खुद को कभी फॉरेन ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था और होटल की सेवाओं का लाभ उठाने के बाद बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था। इस बार आरोपी ने रायपुर के होटल हयात को निशाना बनाया था, जिसके बाद पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर उसे ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, थाना तेलीबांधा स्थित होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जून 2026 को बिंगसन जॉन नामक व्यक्ति होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया। आरोपी ने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और होटल द्वारा उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक महंगे होटलों में इसी तरह की ठगी कर चुका है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सिर्फ फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाता था। होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो जाता था और कई मामलों में होटल का सामान भी अपने साथ ले जाता था। मेट्रोपोलिटन सिटीज सहित 10 से अधिक राज्यों में आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध है।
पूछताछ में आरोपी बिंगसन जॉन ने देश में वर्ष 1990 से अबतक 300 से अधिक होटलों निशाना बनाया है, वह अब तक देश के विभिन्न राज्यों के जेल में 15 वर्षो से अधिक निरूद्ध रहा है। तिहाड़ जेल में निरूद्ध रहने के दौरान उसका कई बड़े अपराधियों के सम्पर्क में रहा है तथा शातिर ठग चार्ल्स शोबराज से प्रभावित होकर स्वयं को फॉरेनर ट्रैवल गाईड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर ठगी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी वर्ष 1996 से अबतक जेल और महंगे होटलो में ही अपना समय गुजारा है उसके द्वारा जेल और जेल से छुटते ही किसी भी 5स्टार होटल को अपना टारगेट बनाता था।
आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप बरामद कर लिया गया है। उसके खिलाफ थाना तेलीबांधा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके खिलाफ देश के अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटाने के साथ ही आगे की जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी – बिंगसन जॉन पिता ज्ञान प्रकाश उम्र 69 साल निवासी नटराजपुरम स्ट्रीट कील रसडी जिला तूतीकूरीन थाना तूतीकूरीन तमिलनाडू।





