रायपुर। RAIPUR BREAKING राजधानी में दोस्तों के साथ घूमने निकले एक 24 वर्षीय युवक के लिए महज एक शर्त जानलेवा साबित हो गई। मौदहापारा निवासी आदिल खान अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। यहां दोस्तों के बीच तैरकर एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने को लेकर शर्त लग गई। आदिल ने भी शर्त पूरी करने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में गायब हो गया।

बताया जा रहा है कि आदिल और उसके एक दोस्त ने ब्लू वाटर में छलांग लगाई थी। उसका दोस्त तो तैरकर दूसरे किनारे तक पहुंच गया, लेकिन आदिल आगे बढ़ते-बढ़ते गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने कुछ देर तक उसे बाहर आने का इंतजार किया, लेकिन जब वह नजर नहीं आया तो सभी घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आसपास तलाश करने के साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को सूचना दी। कुछ ही देर में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई और पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी।
काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद आदिल का कोई पता नहीं चल सका। रात का अंधेरा और ब्लू वाटर की गहराई रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बन गई। ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए देर रात सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया।
पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। टीम युवक की तलाश के लिए पूरी तैयारी के साथ पानी में उतरेगी।
हादसे की खबर के बाद आदिल के परिवार में मातम और चिंता का माहौल है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद दोस्तों से भी घटना की पूरी जानकारी ली है। शुरुआती जानकारी में दोस्तों के बीच लगी शर्त के बाद पानी में उतरने की बात सामने आई है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गहरे पानी वाले स्थानों पर बिना सुरक्षा के इस तरह की जोखिम भरी गतिविधियां कितनी खतरनाक साबित हो सकती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ब्लू वाटर जैसे गहरे पानी वाले स्थानों पर सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा व्यवस्था के पानी में उतरने से बचें।
फिलहाल आदिल खान की तलाश जारी है और सुबह एसडीआरएफ की टीम फिर से सर्च अभियान शुरू करेगी।







