KBC 18: अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के हालिया एपिसोड में महाराष्ट्र के अमरावती की रहने वाली प्रगति दिनेश कल्पेकर हॉट सीट पर पहुंचीं। प्रगति ने शानदार खेल दिखाते हुए 12 लाख रुपये के सवाल तक का सफर तय किया, लेकिन इस सवाल का गलत जवाब देने के बाद उनकी जीती हुई रकम घटकर 5 लाख रुपये रह गई।
चाय की दुकान चलाते हैं पिता
प्रगति शो में अपने पिता और छोटे भाई के साथ पहुंची थीं। उनके पिता चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि प्रगति अमरावती के डिविजनल इंफॉर्मेशन ऑफिस में जूनियर क्लर्क के पद पर काम करती हैं।

शो में उन्होंने अपने परिवार के संघर्षों के बारे में भी बताया। आर्थिक मुश्किलों के बावजूद उनके माता-पिता ने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी। प्रगति को पढ़ाई के लिए उनके नाना-नानी के घर भेज दिया गया था। इस वजह से वह अपने छोटे भाई के साथ नहीं पली-बढ़ीं।
प्रगति ने बताया कि उनके भाई को करीब 5 साल की उम्र तक यह पता ही नहीं था कि उसकी एक बहन भी है।
डॉक्टर बनने का था सपना
प्रगति ने बताया कि वह पहले डॉक्टर बनना चाहती थीं। उन्होंने NEET की तैयारी की और MBBS में दाखिले की उम्मीद की थी, लेकिन सीट नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने BDS में दाखिला लिया।
अपने दोस्तों को MBBS में जाते देखकर वह काफी निराश हुईं। हालांकि, उनके छोटे भाई ने मुश्किल समय में उनका हौसला बढ़ाया और आगे की परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
अब प्रगति का सपना IFS ऑफिसर बनने का है और वह अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं।
12 लाख के सवाल पर हुआ गेम खत्म
KBC 18 में प्रगति ने बिना लाइफलाइन का इस्तेमाल किए 25 हजार रुपये तक का सफर तय किया। इसके बाद 12 लाख रुपये के सवाल पर उनका खेल अटक गया।
उनसे पूछा गया था—
1914 में कनाडा के इमिग्रेशन नियमों को चुनौती देने के लिए कोमागाटा मारू जहाज किसने किराए पर लिया था?
ऑप्शन थे:
A. सोहन सिंह भकना
B. लाला हर दयाल
C. बाबा गुरदित सिंह
D. करतार सिंह सराभा
प्रगति के पास 50:50 लाइफलाइन बची हुई थी, लेकिन उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने करतार सिंह सराभा को सही जवाब माना, जबकि सही उत्तर बाबा गुरदित सिंह था।
गलत जवाब देने के बाद उनकी रकम घटकर 5 लाख रुपये रह गई। आखिर में प्रगति कल्पेकर 5 लाख रुपये लेकर शो से बाहर हुईं।







