धमतरी। GRAND NEWS: आमापारा स्थित सिंधी समाज धर्मशाला में रविवार को सरदार हर्षमित सिंह अजमानी की स्मृति में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। पूज्य पंचायत सिंधी समाज समिति धमतरी के संयुक्त तत्वावधान और बीवाई हॉस्पिटल रायपुर के विशेष सहयोग से आयोजित शिविर में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे।


शिविर में अलग-अलग रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान ट्रॉमा एवं ऑर्थोपेडिक्स, कैंसर, हृदय रोग, जनरल सर्जरी, जनरल मेडिसिन, पेट रोग, किडनी रोग, चर्म रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, न्यूरोलॉजी, ईएनटी, छाती रोग और फिजियोथेरेपी के विशेषज्ञ मौजूद रहे।

शिविर शुरू होते ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श लिया। कई मरीजों को आगे के उपचार के लिए भी आवश्यक सलाह दी गई।

इस अवसर पर समाजसेवी हरमीत सिंह होरा भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना था।











