अजमेर/इंदौर। Grand News: इंदौर की युवा और प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी दिविना धूपर ने अजमेर में आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-12 और अंडर-14 दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम कर लिए हैं। अजमेर स्थित ‘लव ऑल टेनिस एकेडमी’ में 21 से 24 सितंबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में दिविना ने दोनों आयु वर्गों में अजेय रहते हुए दोहरा खिताब (डबल क्राउन) हासिल किया।

अंडर-12 वर्ग में सफर
अंडर-12 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में दिविना ने राजस्थान की दृषिका गुणावत को सीधे सेटों में 7–5, 6–3 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में उन्होंने गुजरात की अलीशा राणा को कड़े मुकाबले में 7–5, 7–5 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। खिताबी मुकाबले में दिविना का सामना पुणे (महाराष्ट्र) की भार्गवी भोसले से हुआ, जहाँ उन्होंने 7–6, 6–3 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अंडर-14 वर्ग में भी लहराया परचम
अंडर-14 वर्ग में भी दिविना की लय बरकरार रही। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने राजस्थान की दृषिका गुणावत को 7–5, 6–1 से मात दी। सेमीफाइनल मैच में राजस्थान की सर्विका गौर को एकतरफा मुकाबले में 6–1, 6–3 से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला मध्य प्रदेश की ही सम्भवी सिंह से हुआ, जहाँ दिविना ने बेहतरीन नियंत्रण और आत्मविश्वास दिखाते हुए 6–1, 6–3 से खिताबी मुकाबला जीत लिया।
मध्य प्रदेश टेनिस संघ ने दी बधाई
एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दोहरा खिताब जीतने पर इंदौर और पूरे मध्य प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। दिविना की इस स्वर्णिम सफलता पर मध्य प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष अनिल महाजन, सचिव अनिल धूपर एवं संघ के सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।






