कानपुर। Fake Identity Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने फर्जी पहचान, कथित धोखाधड़ी और धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने एक युवक इरशाद को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने खुद को ‘विशाल’ बताकर एक हिंदू युवती से दोस्ती की, उससे शादी की और बाद में अपनी वास्तविक पहचान छिपाने का मामला सामने आने पर उसे बंधक बनाकर रखा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ फ्लैट पर छापेमारी की, जहां से दो युवतियों को बरामद किया गया।
‘विशाल’ बनकर की दोस्ती, फिर शादी का आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया और बातचीत के दौरान अपना नाम विशाल बताया था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में शादी हो गई। कुछ समय बाद युवती को आरोपी की असली पहचान इरशाद के रूप में पता चली। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे पहले लखनऊ और फिर कानपुर के पनकी स्थित फ्लैट में ले आया, जहां उसे बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाती थी।

धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना के आरोप
महिला का आरोप है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे पूजा-पाठ करने से रोका जाता था, मांसाहार करने के लिए मजबूर किया जाता था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता का यह भी दावा है कि आरोपी उनके बच्चे का नाम भी उसकी इच्छा के विरुद्ध बदलना चाहता था।
फ्लैट में मिली दूसरी युवती
पीड़िता का आरोप है कि प्रताड़ना के दौरान आरोपी एक अन्य हिंदू युवती को भी अपने साथ फ्लैट पर लेकर आया। वह आसपास के लोगों से उसे अपनी बहन बताता था, जबकि दोनों अलग-अलग कमरों में रहते थे। पुलिस की छापेमारी के दौरान फ्लैट से दोनों युवतियां मिलीं। दूसरी युवती से भी पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
बजरंग दल से मांगी मदद
बताया जा रहा है कि पहली पीड़िता ने किसी तरह पड़ोसियों की मदद से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और अपनी आपबीती बताई। सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट में छापा मारा और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कर रही जांच
पनकी के एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों महिलाओं के बयान दर्ज कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी इस तरह की कोई शिकायत दर्ज हुई थी या नहीं। साथ ही मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।






