अंबिकापुर। CG NEWS: सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर के केदारपुर इलाके में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। 24 वर्षीय युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने पहले युवती के साथ छेड़छाड़ की नीयत से अश्लील हरकत करने की कोशिश की। जब युवती ने इसका विरोध किया और स्थिति बिगड़ती देखी गई, तो आरोपियों ने उसे वाहन से खींचने का प्रयास भी किया। इस दौरान युवती के साथ मौजूद उसके भाई ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवक घायल होकर लहूलुहान हो गया। घटना के समय युवती लगातार मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों का उत्पात जारी रहा।

पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अतुल ताम्रकार समेत पांच आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
