रायपुर। CG NEWS : भाठागांव इलाके की एक पनीर फैक्ट्री इन दिनों जांच के दायरे में है। मिलावटी पनीर बनाने की शिकायत सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए हैं। वहीं विपक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए हैं और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया और पनीर के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। अब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
कांग्रेस नेता नवाज खान का आरोप है कि फैक्ट्री में दूध के बजाय केमिकल और अन्य पदार्थों की मदद से पनीर तैयार किया जा रहा था। उनका दावा है कि इस पूरे मामले का वीडियो भी मौजूद है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री संचालक ने कैमरे के सामने संबंधित अधिकारियों से सांठगांठ होने की बात कही, जिसके चलते उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।
कांग्रेस का यह भी कहना है कि शिकायत मिलने के बावजूद खाद्य विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान फैक्ट्री संचालक ने कथित तौर पर तैयार माल और अन्य सामग्री को हटाने या छिपाने का प्रयास किया।
मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर फैक्ट्री को सील करने और संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर खाद्य विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पनीर के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।






