रायपुर। CG NEWS : नगर पालिक निगम रायगढ़ ने शहर की स्वच्छता और वर्षा जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने के लिए संजय काम्प्लेक्स नाला में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान नाला में कपड़े कचरा डालकर गंदगी फैलाने और जल निकासी बाधित करने के मामले में तीन प्रतिष्ठानों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के तहत रायगढ़ क्लॉथ, ए टू ज़ेड ड्रेसेज और सर्वमंगला क्लॉथ पर नाले में कचरा फेंकने के आरोप में 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। निगम के अनुसार संजय मार्केट से मुख्य जल निकासी के लिए बनाए गए नए और चौड़े नाले में इन प्रतिष्ठानों द्वारा छत से कपड़ों का कचरा फेंका गया था। सफाई अभियान के दौरान निगम के अमले ने नाले से दो मिनी टिप्पर से अधिक कपड़े का कचरा निकाला। इसी वजह से हाल की बारिश में पानी की निकासी बाधित हुई और संजय मार्केट, गोपी टॉकीज सहित आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी। नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर अधिक जुर्माने के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नालों में कचरा फेंकने से जल निकासी प्रभावित होती है और बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या पैदा होती है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही सभी स्वच्छता निरीक्षकों को लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।






