बिलासपुर। CG NEWS: शहर के अशोकनगर स्थित वार्ड क्रमांक 63 रघुविहार में पिछले एक सप्ताह से बोरवेल खराब होने के कारण गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है। बोर बंद होने से पूरे मोहल्ले के लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ नहाने और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में मौजूद तालाब और डबरे पहले ही सूख चुके हैं। ऐसे में पानी का एकमात्र सहारा बोरवेल था, लेकिन उसके खराब होने के बाद हालात और भी खराब हो गए हैं। मजबूरी में लोग दूर-दूर से पानी लाने को विवश हैं। कुछ लोग निजी बोर से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन उससे पूरे मोहल्ले की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।

रहवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक बोर की मरम्मत नहीं हो सकी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बोरवेल ठीक कराने या वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं वार्ड पार्षद श्याम साहू ने बताया कि खराब बोर की मरम्मत जल्द कराई जाएगी। यदि मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं होता है तो क्षेत्र में पाइपलाइन के माध्यम से पानी की व्यवस्था कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।






