बिलासपुर। CG NEWS: नकटी गांव में लोगों को बेघर किए जाने के विरोध की आवाज अब पूरे प्रदेश में तेज होती जा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कर प्रभावित परिवारों के समर्थन में उतर आई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने नेहरू चौक में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की कार्रवाई से कई परिवार बेघर हो गए हैं, जिनके सामने आजीविका और रहने का संकट खड़ा हो गया है।जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

उनका कहना था कि जब तक बेघर हुए परिवारों को स्थायी आशियाना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा दी जातीं, तब तक पार्टी उनका संघर्ष जारी रखेगी और हर स्तर पर उनकी आवाज उठाती रहेगी।कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज स्वयं नकटी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर चुके हैं। दोनों नेताओं ने लोगों को हरसंभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





