बिलासपुर। CG CRIME NEWS: बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। महमंद बायपास के पास से पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ‘पोस्ता-डोडा’ के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत हजारों में आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस तस्करी के तार पंजाब से जुड़े हुए हैं।
तोरवा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान महमंद बायपास रोड के पास चार संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े थे। पुलिस को देखकर चारों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। जब उनके पास मौजूद पीले रंग के प्लास्टिक थैले की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर 6 पारदर्शी पॉलिथीन में रखा कुल 3 किलो 264 ग्राम नशीला डोडा-पोस्ता बरामद हुआ, जिसकी कीमत बाजार में 45,000 रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास इस पदार्थ को रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनमोहन सिंह कल्ले (45 वर्ष, निवासी लुधियाना, पंजाब), सुरजीत सिंह (45 वर्ष, निवासी अमृतसर, पंजाब), पुष्पराज जांगडे (36 वर्ष, निवासी मुंगेली, छत्तीसगढ़) और सुरेन्द्र ध्रुव (25 वर्ष, निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पंजाब और छत्तीसगढ़ के तस्करों का यह गठजोड़ लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।





