जशपुर। CG Crime: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी विधवा बहू को टोनही (जादू-टोना करने वाली) मानते हुए बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने गुस्से में लकड़ी के डंडे से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में थी, तभी उसके ससुर सुखसिंह राठिया (50) ने उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया। आरोपी घर के अंदर गया, लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर लाया और बहू पर लगातार कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
बच्चे पर जादू-टोना करने का था शक
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे विश्वास था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना करती है। इसी अंधविश्वास ने उसके मन में इतना गुस्सा भर दिया कि उसने बहू की हत्या कर दी। पुलिस के सामने उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अंधविश्वास आज भी बन रहा जानलेवा
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अंधविश्वास और निराधार आरोप किस तरह इंसानी रिश्तों को खत्म कर देते हैं। जागरूकता के अभाव में आज भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।






