- बस और वैन जब्त, चालकों पर एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई, स्कूल प्रबंधन को नोटिस
दुर्ग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सुबह स्कूल खुलने के समय चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान में दो दिनों के भीतर दो स्कूल वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने संबंधित स्कूल बस और वैन को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को कुम्हारी स्थित एक स्कूल की बस का चालक 180 mg/100 ml अल्कोहल की मात्रा के साथ बस चलाते मिला। वहीं 13 जुलाई को एक अन्य स्कूल की वैन का चालक 70 mg/100 ml अल्कोहल के साथ वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। अभियान के दौरान एक अन्य स्कूल वाहन चालक भी नशे की हालत में मिला।
यातायात पुलिस ने सभी संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग तथा स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
यातायात पुलिस ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन चालकों की नियमित स्वास्थ्य एवं ब्रीथ एनालाइजर जांच कराएं तथा किसी भी स्थिति में नशे की हालत में चालक को बच्चों के परिवहन की जिम्मेदारी न सौंपें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





