नई दिल्ली। Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों से बातचीत की और उनके अनुभव साझा किए। इस खास मुलाकात का वीडियो पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया है।
वीडियो की शुरुआत महिला 51 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी के संदेश से होती है। साक्षी ने प्रधानमंत्री से मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभी पदक विजेताओं को प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला, जिसे लेकर वे काफी गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी के व्यवहार और सहजता की भी तारीफ की।

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा… ऑलवेज चियर फॉर भारत।” बातचीत के अंत में उन्होंने खिलाड़ियों के साथ मिलकर ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष भी किया।
भारत ने जीते 39 पदक
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक हासिल किए। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल रहे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
भारतीय दल के पुरुष खिलाड़ियों ने कुल 23 पदक अपने नाम किए, जिसमें 5 स्वर्ण, 13 रजत और 5 कांस्य शामिल हैं। वहीं महिला खिलाड़ियों ने 16 पदक जीते, जिनमें 8 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल रहे।
बॉक्सिंग में भारत का दबदबा
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। भारत के सभी 10 मुक्केबाज पदक जीतने में सफल रहे। इनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन ने बॉक्सिंग में भारत की मजबूत स्थिति को एक बार फिर साबित किया।
जूडो में पहली बार मिला गोल्ड
जूडो में भी भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में पहली बार भारतीय खिलाड़ी जूडो में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। अस्मिता डे ने महिला 48 किलोग्राम वर्ग, जबकि हर्ष सिंह ने पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। जूडो में भारत ने कुल चार पदक हासिल किए।
एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा और देश ने कई पदक अपने नाम किए। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल के प्रदर्शन से खिलाड़ियों, खेल प्रशंसकों और पूरे देश में उत्साह का माहौल है।






