नई दिल्ली। ED Director: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डायरेक्टर राहुल नवीन के कार्यकाल को केंद्र सरकार ने एक साल के लिए बढ़ा दिया है। 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट ने राहुल नवीन का कार्यकाल 13 अगस्त 2026 के बाद एक और साल बढ़ाने को मंजूरी दी है। अब वह 13 अगस्त 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, ED डायरेक्टर के पद पर बने रहेंगे।
खास बात यह है कि राहुल नवीन की सुपरएनुएशन यानी सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जुलाई 2027 है। इसके बावजूद सरकार ने उन्हें अगस्त 2027 तक ED की जिम्मेदारी संभालने की अनुमति दी है।

इंटरनेशनल टैक्सेशन के विशेषज्ञ हैं राहुल नवीन
राहुल नवीन 1993 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी हैं और आयकर विभाग में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। उन्हें खास तौर पर इंटरनेशनल टैक्सेशन, सीमा पार वित्तीय लेनदेन और ट्रांसफर प्राइसिंग से जुड़े मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।
उन्होंने IIT कानपुर से B.Tech और M.Tech की पढ़ाई की है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की Swinburne University of Technology, Melbourne से MBA किया। वर्ष 2004 से 2008 के बीच उन्होंने मुंबई के इंटरनेशनल टैक्सेशन डायरेक्टोरेट में काम किया, जहां विदेशी और ऑफशोर लेनदेन से जुड़े मामलों को देखा।
FATF और G20 में भी भारत का प्रतिनिधित्व
राहुल नवीन ने नवंबर 2015 से नवंबर 2017 तक कमिश्नर, ट्रांसफर प्राइसिंग के रूप में काम किया। इस दौरान बड़ी कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय लेनदेन, रॉयल्टी, इंटैन्जिबल एसेट्स, लोन और अन्य सीमा पार वित्तीय मामलों से जुड़े मामलों की निगरानी की।
CBDT में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह टैक्स पॉलिसी डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी और फॉरेन टैक्स एंड टैक्स रिसर्च डिवीजन में डायरेक्टर रहे। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टैक्स सहयोग और वित्तीय जानकारी साझा करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह FATF, OECD, Global Forum और G20 से जुड़ी बैठकों में भी शामिल रहे हैं।
2019 में ED से जुड़े, 2023 में संभाली कमान
राहुल नवीन नवंबर 2019 में ED में OSD के तौर पर शामिल हुए थे। इसके बाद नवंबर 2020 में उन्हें ED का Special Director (HQ) बनाया गया। इस भूमिका में उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग जांच, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों की रिकवरी से जुड़े मामलों की निगरानी की।
उन्होंने 15 सितंबर 2023 को ED डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार संभाला था। बाद में 14 अगस्त 2024 को उन्हें प्रवर्तन निदेशालय का पूर्णकालिक डायरेक्टर नियुक्त किया गया।
आर्थिक अपराधों पर ED का फोकस
राहुल नवीन के नेतृत्व में ED ने आर्थिक अपराधों से जुड़े कई मामलों में कार्रवाई की है। इनमें बैंक फ्रॉड, निवेश धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट से जुड़े साइबर फ्रॉड, अवैध खनन और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामले शामिल हैं।
ED का फोकस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा है। एजेंसी अपराध से अर्जित रकम यानी Proceeds of Crime का पता लगाने और उससे बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई करने पर भी जोर देती रही है। नए एक्सटेंशन के बाद राहुल नवीन आगे भी इसी रणनीति के तहत आर्थिक अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में ED की कार्रवाई का नेतृत्व करेंगे।






