Aditya Narayan Birthday: बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे रहे हैं, जिन्होंने बचपन में ही अपनी प्रतिभा से लाखों लोगों का दिल जीत लिया। इन्हीं में से एक नाम है आदित्य नारायण का। जिस उम्र में बच्चे स्कूल, खेल और दोस्तों के साथ मस्ती में व्यस्त रहते हैं, उस समय आदित्य फिल्मों में गाने गा रहे थे, अभिनय कर रहे थे और इतनी कमाई कर रहे थे कि महज 7 साल की उम्र में उन्हें इनकम टैक्स तक भरना पड़ता था। आज वही चाइल्ड स्टार 38 साल की उम्र में मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा हैं।
6 अगस्त 1987 को मुंबई में जन्मे आदित्य नारायण संगीत से जुड़े परिवार से आते हैं। उनके पिता मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण और मां दीपा नारायण भी गायिका हैं। घर में संगीत का माहौल होने की वजह से आदित्य का रुझान भी बचपन से ही गायकी की ओर हो गया। उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार कल्याणजी वीरजी शाह से संगीत की शुरुआती शिक्षा ली और कम उम्र में ही मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

आदित्य ने अपने करियर की शुरुआत 1992 में नेपाली फिल्म ‘मोहिनी’ के लिए गाना गाकर की। इसके बाद 1995 में फिल्म ‘अकेले हम अकेले तुम’ में उन्होंने अपने पिता उदित नारायण के साथ गीत गाया। उनकी आवाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया और जल्द ही उन्हें फिल्मों में भी अवसर मिलने लगे।
बताया जाता है कि निर्देशक सुभाष घई ने एक कार्यक्रम में आदित्य की प्रस्तुति देखने के बाद उन्हें फिल्म ‘परदेस’ में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में मौका दिया। इसके बाद वह ‘जब प्यार किसी से होता है’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए। बतौर बाल गायक उन्होंने 100 से अधिक गानों में अपनी आवाज दी। फिल्म ‘मासूम’ का मशहूर गीत ‘छोटा बच्चा जान के’ उनकी सबसे बड़ी पहचान बना, जिसने उन्हें देश के लोकप्रिय चाइल्ड आर्टिस्ट्स की सूची में शामिल कर दिया।
एक पॉडकास्ट में आदित्य नारायण ने अपने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने इतनी छोटी उम्र में काम करना शुरू कर दिया था कि सिर्फ 7 साल की उम्र में इनकम टैक्स भरना पड़ता था। उस समय उन्हें यह समझ नहीं थी कि इतनी कम उम्र में टैक्स भरना कितनी बड़ी बात है। बाद में बड़े होने पर उन्हें एहसास हुआ कि बचपन में उन्होंने कितनी बड़ी जिम्मेदारियां संभाली थीं।
चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में सफलता हासिल करने के बाद आदित्य ने बतौर लीड एक्टर भी अपनी किस्मत आजमाई। साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘शापित’ में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही, लेकिन इसके गानों और उनके संगीत की सराहना की गई।
फिल्मों के बाद आदित्य ने छोटे पर्दे का रुख किया और बतौर टीवी होस्ट अपनी अलग पहचान बनाई। ‘सा रे गा मा पा’ और ‘इंडियन आइडल’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो होस्ट कर उन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी हाजिरजवाबी और प्रस्तुति शैली को लोगों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा वह ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ जैसे शो में भी नजर आ चुके हैं।
अगर निजी जिंदगी की बात करें तो आदित्य नारायण ने साल 2020 में अभिनेत्री श्वेता अग्रवाल से शादी की। साल 2022 में दोनों एक बेटी के माता-पिता बने। अब आदित्य अपने परिवार के साथ समय बिताने के साथ-साथ गायकी, टीवी होस्टिंग और अन्य मनोरंजन प्रोजेक्ट्स में सक्रिय हैं।






