5वीं बोर्ड परीक्षा में नकल करवाने का मामला

NFA@0298
3 Min Read


रायपुर। Raipur News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रायपुर महानगर द्वारा आज जिला शिक्षा अधिकारी, रायपुर को 5वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों को नकल करवाने की गंभीर घटना के विरोध में आंदोलन कर ज्ञापन सौंपा गया।

रायपुर शंकर नगर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय ‘अभ्यास’ में हाल ही में आयोजित कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं प्राप्त वीडियो साक्ष्यों के अनुसार परीक्षा कक्ष में तैनात शिक्षिका द्वारा विद्यार्थियों को सुनियोजित तरीके से नकल कराई गई, जो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।

– Advertisement –

Ad image

अभाविप ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को गिराती हैं, बल्कि उन परिश्रमी और ईमानदार विद्यार्थियों के मनोबल को भी आघात पहुंचाती हैं, जो अपनी मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करना चाहते हैं। एक शिक्षक द्वारा स्वयं अपनी मर्यादा का उल्लंघन करना अत्यंत निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।

अभाविप ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण में संलिप्त दोषी शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित/बर्खास्त किया जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त विभागीय जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं एवं परीक्षा के दौरान जिला स्तरीय उड़नदस्तों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाए। परिषद ने यह भी मांग की है कि संबंधित विद्यालय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किसी अन्य विकासखंड के शिक्षकों से कराया जाए, जिससे परिणामों की निष्पक्षता बनी रहे। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र के अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों से भी जवाबदेही तय करते हुए स्पष्टीकरण लिया जाए।

– Advertisement –

Ad image

अभाविप ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उक्त मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।

रायपुर महानगर मंत्री श्री सुजल गुप्ता ने कहा कि :- “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिक्षा की शुचिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा। हाल ही में 12वीं की हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने जैसी गंभीर घटना सामने आई यह स्पष्ट करता है कि सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर नहीं है, 5वीं बोर्ड परीक्षा में नकल जैसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो अभाविप चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।”



Source link

Share This Article
Leave a Comment