
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहाेर शहर में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यहां तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने एक ही बाइक पर सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराई और फिर एक घर में जा घुसी। जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार देर रात करीब 11 बजे शुगर फैक्ट्री चौराहा से लुनिया चौराहे के बीच मोती बाबा मंदिर के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि बोलेरो पर ‘मप्र शासन’ लिखा हुआ था, जिससे घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सीएसपी अभिनंदना शर्मा के मुताबिक हादसे के समय चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।
इसी दौरान बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी-37-जी-1073 के चालक सुनील पुत्र रंजीत सिंह ठाकुर (48), निवासी हनुमान फाटक, सीहोर ने तेज गति और लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अमित चौहान (16), विवेक चौहान (13), धीरज चौहान (18) और विक्रम चौहान (18) घायल हो गए। चारों युवक सीहोर के लुनिया मोहल्ला के निवासी हैं।
अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल सीहोर ले जाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अमित चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विवेक चौहान को बेहतर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ड्रिंक एंड ड्राइव की पुष्टि, चालक गिरफ्तार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक सुनील ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में ड्रिंक एंड ड्राइव की पुष्टि भी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण कर ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
‘मप्र शासन’ लिखी गाड़ी की भी जांच
टक्कर मारने वाली बोलेरो पर ‘मप्र शासन’ लिखा हुआ था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वाहन वास्तव में किस सरकारी विभाग से जुड़ा है या निजी इस्तेमाल में था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।


