IND vs AFG: शुभमन गिल और ईशान किशन की विस्फोटक शतकीय पारियों के दम पर टीम इंडिया ने लखनऊ वनडे में अफगानिस्तान के खिलाफ 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर इतिहास रच दिया। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने वनडे क्रिकेट में 8वीं बार 400+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 50 ओवर में 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने 110 गेंदों में 154 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 2 छक्के शामिल रहे, जबकि ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन बनाकर करीब तीन साल बाद वनडे शतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी कर भारत की पारी को मजबूती दी।

रोहित शर्मा ने भी 48 रन का योगदान दिया। हालांकि अंतिम ओवरों में भारत ने लगातार विकेट गंवाए, लेकिन तब तक टीम 400 रन का आंकड़ा पार कर चुकी थी। इस स्कोर के साथ भारत वनडे इतिहास में 8वीं बार 400 से अधिक रन बनाने वाली टीम बन गई और दक्षिण अफ्रीका की बराबरी कर ली। वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ यह किसी भी टीम का दूसरा सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया 417/6 के साथ इस सूची में पहले स्थान पर है, जबकि भारत का 402 रन का स्कोर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
