सेलूद। ग्राम सेलूद में ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इसके चलते ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारने की स्थिति बन गई है। वहीं वार्ड क्रमांक 2 में बिजली बंद होने से लोगों को पेयजल के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह से ही गांव में बिजली की आंख-मिचौली जारी थी। बार-बार बिजली गुल होने के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर बिजली की अनियमित आपूर्ति के बाद शाम को ट्रांसफार्मर में खराबी आने से स्थिति और गंभीर हो गई।
वार्ड क्रमांक 2 में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
गुरुवार को बदला जाएगा ट्रांसफार्मर: विद्युत विभाग के जेई नेताम ने बताया कि बुधवार शाम को ट्रांसफार्मर में खराबी होने की जानकारी मिली। खराबी को तत्काल दूर करना संभव नहीं है। गुरुवार को ट्रांसफार्मर बदलने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाएगी।







