टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। थाना रानीतराई पुलिस ने ग्राम आसोगा में हुई हत्या की वारदात को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आपसी विवाद के दौरान सब्बल से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सब्बल भी बरामद कर जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
विवाद के बाद सब्बल से ताबड़तोड़ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2026 की दोपहर थाना रानीतराई क्षेत्र के ग्राम आसोगा में कामता कोसरे (35 वर्ष) और भूपेन्द्र टंडन (26 वर्ष), निवासी ग्राम आसोगा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी भूपेन्द्र टंडन ने आवेश में आकर वहां रखे सब्बल से कामता कोसरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में कामता गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कामता को उपचार के लिए पाटन अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पाटन प्रांशु तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रानीतराई हुबलाल चंद्राकर ने पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल निर्देशित किया।
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सब्बल बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है।
विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।





