दुर्ग। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जब भाई अपनी बहनों की सुरक्षा और खुशहाली का संकल्प ले रहे थे, वहीं दुर्ग यातायात पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने भी एक महिला की जान बचाकर भाई जैसा फर्ज निभाया। खारून नदी के पास आत्मघाती कदम उठाने पहुंची 45 वर्षीय महिला को पुलिसकर्मियों ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान 28 अगस्त 2026 को हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि रायपुर के कबीर नगर निवासी एक 45 वर्षीय महिला खारून नदी के पास आत्महत्या की मंशा से पहुंची है।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक शिशुपाल तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं पॉइंट ड्यूटी पर तैनात आरक्षक कन्हैया सोनकर एवं इमामुद्दीन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने महिला से बेहद शांतिपूर्वक और संवेदनशीलता के साथ बातचीत शुरू की।
पुलिसकर्मियों ने वर्दी का रौब दिखाने के बजाय भाई की तरह अपनत्व और समझदारी से बातचीत करते हुए महिला को आत्मघाती कदम नहीं उठाने के लिए प्रेरित किया। लगातार बातचीत और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। इसके बाद उसके पति को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया और आवश्यक समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया।
रक्षाबंधन पर पुलिस ने निभाया भाई का फर्ज
रक्षाबंधन के दिन हाईवे पेट्रोलिंग टीम की तत्परता और संवेदनशीलता से एक संभावित अप्रिय घटना टल गई। पुलिसकर्मियों ने समय पर पहुंचकर न केवल एक महिला की जान बचाई, बल्कि यह भी साबित किया कि पुलिस सिर्फ सड़क और यातायात की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि हर जीवन की सुरक्षा के लिए भी तत्पर है।
दुर्ग यातायात पुलिस — सड़क की सुरक्षा के साथ हर जीवन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर।






