मुजफ्फरपुर। Viral Video: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान वर्दी पहनकर कथित तौर पर तलवार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में कांटी थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर मुस्तकीम खान को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतिश कुमार मिश्रा ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

मुजफ्फरपुर (पश्चिम) की एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि शुरुआती जांच में वीडियो शुक्रवार का प्रतीत हो रहा है और तलवार लहराते दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान एक सब-इंस्पेक्टर के रूप में हुई है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।








