तिल्दा नेवरा, । CG NEWS : छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में तीजा पर्व का विशेष महत्व है। इस अवसर पर महिलाएं अपने मायके पहुंचकर सखी-सहेलियों और परिवारजनों के साथ खुशियां साझा करती हैं। इसी परंपरा को जीवंत करते हुए तिल्दा नेवरा विकासखंड के समीपस्थ ग्राम पंचायत छत्तौद में तीजा पर्व के अवसर पर युवाओं द्वारा विविध मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निर्जला उपवास के बावजूद बड़ी संख्या में बहनों और बेटियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और आयोजन को यादगार बना दिया।
गांव के युवाओं ने सकारात्मक सोच के साथ महिलाओं के लिए स्वस्थ मनोरंजन का ऐसा मंच तैयार किया, जहां तीजा के अवसर पर सभी को कुछ समय हंसी-खुशी के साथ बिताने का अवसर मिले। मायके में अपनों के बीच बचपन की तरह खेलना, सखी-सहेलियों के साथ हंसी-ठिठोली करना और पुरानी यादों को ताजा करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा।

आयोजन के दौरान कुर्सी दौड़, घड़ा फोड़, तिलक लगाओ, सिक्का डालो, मोमबत्ती जलाओ सहित अनेक रोचक एवं मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कई खेलों में प्रतिभागियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, वहीं खेलों के दौरान दर्शकों ने भी जमकर तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
सैकड़ों बहनों ने लिया हिस्सा
तीजा के निर्जला उपवास के बावजूद प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सैकड़ों बहनों और बेटियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के पहुंचने से आयोजकों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन युवाओं की टीम ने उत्साह और तत्परता के साथ पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित किया।
कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि खेल प्रतियोगिताओं के साथ संगीत और मनोरंजन का भी भरपूर माहौल रहा। जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, कई बहनें और बेटियां खुद को नाचने से रोक नहीं सकीं। उनके उत्साह और उमंग ने पूरे वातावरण को खुशनुमा बना दिया। प्रतिभागियों के साथ-साथ वहां मौजूद दर्शकों ने भी इस पल का भरपूर आनंद लिया।
विजेता प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों के हाथों सम्मानित किया गया। विजेताओं को सम्मान मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। आयोजन ने तीजा पर्व की खुशियों को और भी यादगार बना दिया।
युवाओं की पहल की हुई सराहना
ग्रामवासियों ने युवाओं द्वारा किए गए इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ-साथ हमारी लोक परंपराओं और संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तीजा जैसे पारंपरिक पर्व पर महिलाओं के लिए स्वस्थ और सकारात्मक मनोरंजन की पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।
इस आयोजन में रविन्द्र कुमार साहू, तेज शंकर वर्मा (तेजा), ब्रम्हदेव खिचरिहा, केसरी साहू, केदारनाथ वर्मा, लखन लाल साहू, रामाधार साहू, देवनाथ बंजारे, गंगुराम वर्मा, राजेन्द्र कुमार साहू, हृदय लाल सिन्हा, रमेश कुमार साहू, डागेश वर्मा, मनोज मानिकपुरी सहित अन्य युवाओं एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
छत्तौद में तीजा पर्व पर आयोजित यह अनूठा आयोजन परंपरा, अपनापन और मनोरंजन का सुंदर संगम बन गया, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में रही।








