पाटन। संचालनालय आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला आयुष अधिकारी दुर्ग के निर्देशानुसार ग्राम मर्रा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के सांस्कृतिक कला मंच में 17 जून से 21 जून 2026 तक पांच दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस वर्ष शिविर का आयोजन “योग संगम” थीम पर केंद्रित रहा, जिसमें स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पांच दिवसीय इस योग शिविर का लाभ 500 से अधिक हितग्राहियों ने प्राप्त किया। शिविर में योग प्रशिक्षक तुलाराम वर्मा, लाला राम वर्मा एवं धीरेंद्र वर्मा द्वारा प्रतिभागियों को सरल एवं प्रभावी विधियों से विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया।
शिविर के दौरान स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों को चिकित्सकों द्वारा “योग से होने वाले लाभ” विषय पर विशेष व्याख्यान भी दिया गया, जिससे बच्चों में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित समापन कार्यक्रम में योगासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं योग प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों धीरेंद्र वर्मा, लाला राम वर्मा एवं तुलाराम वर्मा को भरत लाल ताम्रकार द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल संचालन में फार्मासिस्ट रितु केतु साहू, औषधालय सेवा के दीपक यादव तथा अंशकालिक पी.टी.एस. सावित्री वर्मा का विशेष योगदान रहा। आयोजन के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।





