--विज्ञापन यहां--

इंद्रावती भवन में जंगी प्रदर्शन, जर्जर बसों के विरोध में कर्मचारियों का आक्रोश

By NS
On: July 16, 2026 3:45 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


  • मुख्य सचिव के नाम सौंपा गया ज्ञापन, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग
  • इंद्रावती भवन में बस संचालन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपर परिवहन आयुक्त ने ली महत्वपूर्ण बैठक

नवा रायपुर। संचालनालय भू-अभिलेख में पदस्थ श्रीमती एम्ब्रेसिया किंडो के बस चालक की कथित लापरवाही से गंभीर रूप से घायल होने की घटना के विरोध में आज इंद्रावती भवन के गेट क्रमांक-3 पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में मंत्रालय एवं संचालनालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि मंत्रालय एवं संचालनालय के कर्मचारियों के आवागमन हेतु संचालित बसों की जर्जर स्थिति एवं सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसका परिणाम यह है कि कर्मचारी प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को विवश हैं।
फेडरेशन ने कहा कि श्रीमती एम्ब्रेसिया किंडो की गंभीर दुर्घटना ने पूरे कर्मचारी वर्ग को झकझोर दिया है। उनका उपचार रामकृष्ण हॉस्पिटल में जारी है और सभी कर्मचारी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। फेडरेशन ने इस घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित कर्मचारी को समुचित उपचार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मंत्रालय एवं संचालनालय के कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं फिटनेस प्रमाणित बसों की तत्काल व्यवस्था, जर्जर एवं कंडम बसों को तत्काल हटाने, बसों का नियमित तकनीकी परीक्षण तथा चालक-परिचालकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने किया। इस अवसर पर इंद्रावती भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों एवं कर्मचारी संगठनों के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इंद्रावती भवन में शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सुरक्षित आवागमन, बसों के संचालन तथा यातायात व्यवस्था को लेकर अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआरडीए, नगर निगम, मंत्रालय रजिस्ट्रार, मंत्रालय सुरक्षा अधिकारी, दुर्गाम्बा ट्रांसपोर्ट, विभिन्न विभागाध्यक्षों तथा राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने वर्तमान में संचालित बसों की जर्जर स्थिति, वाहन चालकों के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार एवं लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही कार्यालयीन समय में यातायात एवं बस संचालन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया।
अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर ने बसों की फिटनेस, संचालन एवं अन्य संबंधित समस्याओं के परीक्षण हेतु परिवहन विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। इस टीम में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया, ताकि व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
बैठक में इंद्रावती भवन में मंत्रालय की तर्ज पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा सभी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। वहीं, हाल ही में दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला कर्मचारी के उपचार का संपूर्ण व्यय दुर्गाम्बा ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा वहन किए जाने के निर्देश कंपनी के प्रबंधक को दिए गए।
इसके अतिरिक्त एनआरडीए के अधिकारियों को बस यात्रियों की सुविधा हेतु शेड निर्माण एवं समुचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा, कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष जय कुमार साहू, संतोष कुमार वर्मा, श्रीमती जगदीप बजाज, देबाशीष दास, सोनाली तिडके,राजकुमार सोंधिया ,अमित शर्मा, मुकेश ध्रुव, कुमार यादव,लोकेश वर्मा, सुरेश ढीढी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment