बेंगलुरु। VIDEO: क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, करोड़ों लोगों का जुनून है। इसका ताज़ा उदाहरण उस वक्त देखने को मिला, जब ओडिशा का एक युवा फैन अपने पसंदीदा क्रिकेटर हार्दिक पांड्या से मिलने के लिए करीब 1800-2000 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर बेंगलुरु पहुंच गया। करीब 12 दिनों की इस कठिन यात्रा के बाद जब उसकी मुलाकात अपने चहेते खिलाड़ी से हुई, तो यह भावुक पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
युवा फैन दीपक कुमार ने पहले ओडिशा से मुंबई तक सफर किया, क्योंकि उन्हें जानकारी मिली थी कि हार्दिक वहीं हैं। बाद में पता चला कि हार्दिक बेंगलुरु में हैं। इसी बीच हार्दिक की गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा ने सोशल मीडिया पर दीपक की पोस्ट देखकर उन्हें बेंगलुरु आने का संदेश दिया। इसके बाद दीपक बिना हिम्मत हारे फिर साइकिल से बेंगलुरु के लिए निकल पड़े।

आखिरकार जब दोनों की मुलाकात हुई तो दीपक ने हार्दिक पांड्या को भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा और पारंपरिक पीला गमछा भेंट किया। वायरल वीडियो में हार्दिक प्रतिमा स्वीकार करने से पहले अपने जूते उतारते हुए भी दिखाई देते हैं, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है।
मुलाकात के दौरान हार्दिक ने फैन के साथ काफी समय बिताया, तस्वीरें खिंचवाईं और उसकी मेहनत की सराहना की। कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हार्दिक ने दीपक को साइन की हुई भारतीय टीम की जर्सी, आर्थिक सहायता और घर लौटने के सफर में भी मदद की। कुछ रिपोर्टों में करीब 1.5 लाख रुपये की सहायता का भी दावा किया गया है।
दीपक अपनी पूरी यात्रा का अपडेट इंस्टाग्राम पर @the_od_trekker के जरिए लगातार साझा करते रहे। हार्दिक और उनके इस फैन की मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रहा है।






