एंटरटेनमेंट डेस्क। TV Celebrities: टीवी की मशहूर अभिनेत्री नारायणी शास्त्री ने इंडस्ट्री में ड्रग्स के इस्तेमाल को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हैं। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘पिया का घर’, ‘कुसुम’ और ‘कोई अपना सा’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में नजर आ चुकीं नारायणी ने दावा किया कि इंडस्ट्री की पार्टियों में ड्रग्स का इस्तेमाल होता है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने खुद भी कुछ ड्रग्स को केवल प्रयोग के तौर पर आजमाया था।
सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान नारायणी शास्त्री ने टीवी इंडस्ट्री की पार्टियों को लेकर कई बातें साझा कीं। उनका दावा है कि समय के साथ पार्टियों का माहौल काफी बदल गया है। पहले जहां पार्टियों में शराब के लिए बजट रखा जाता था, वहीं अब ड्रग्स पर भी पैसा खर्च किया जाता है।

‘अब पार्टियों में ड्रग्स का बजट होता है’
नारायणी ने बातचीत में दावा किया, “पहले पार्टियों में शराब का बजट होता था, अब ड्रग्स का बजट होता है।” उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस तरह का माहौल देखा तो वह हैरान रह गईं और इसी वजह से कई साल पहले पार्टियों में जाना कम कर दिया।
अभिनेत्री के मुताबिक पहले इंडस्ट्री की पार्टियों में लोग डांस और मस्ती करते थे, लेकिन बाद में उन्हें माहौल काफी बदला हुआ नजर आया।
नारायणी ने कहा- मैंने भी किया एक्सपेरिमेंट
इंटरव्यू के दौरान नारायणी से पूछा गया कि उन्होंने किस तरह के ड्रग्स का इस्तेमाल होते देखा है। इस पर उन्होंने कोकीन और MDMA का नाम लिया।
इसके साथ ही अभिनेत्री ने स्वीकार किया कि उन्होंने खुद भी जिंदगी में कुछ चीजें केवल एक्सपेरिमेंट के तौर पर ट्राई की हैं। उनका कहना था कि वह जानना चाहती थीं कि इन चीजों का शरीर पर कैसा असर होता है।
हालांकि नारायणी ने स्पष्ट किया कि उन्हें कभी इसकी लत नहीं लगी। उनके मुताबिक उन्होंने जिन चीजों को आजमाया, उन्हें आदत के रूप में नहीं अपनाया।
‘ड्रग्स के कारण शूटिंग तक करनी पड़ती थी रद्द’
नारायणी शास्त्री ने इंटरव्यू में एक और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कई बार कलाकारों की हालत ऐसी हो जाती थी कि शूटिंग तक प्रभावित होती थी।
अभिनेत्री के मुताबिक कई मौकों पर पूरी टीम को घंटों इंतजार करना पड़ता था, क्योंकि संबंधित कलाकार शूटिंग करने की स्थिति में नहीं होता था। उन्होंने दावा किया कि कई बार कलाकार ठीक से खड़े होने या अपने कमरे से बाहर निकलने की हालत में भी नहीं होते थे।
नारायणी के मुताबिक ऐसी परिस्थितियों के चलते कई बार शूटिंग रद्द तक करनी पड़ती थी।
कई हिट टीवी शोज में काम कर चुकी हैं नारायणी
नारायणी शास्त्री टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने ‘कोई अपना सा’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘कुसुम’, ‘पिया का घर’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ सहित कई लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आईं।
नारायणी डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अब टीवी इंडस्ट्री की पार्टियों और ड्रग्स के इस्तेमाल को लेकर किए गए उनके दावों ने मनोरंजन जगत में नई चर्चा छेड़ दी है।








