रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 15 जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने गतका के जरिए अपने खेल कौशल, साहस और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
माता सुंदरी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने गतका के जरिए साहस, अनुशासन और आत्मरक्षा की कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और मैनेजर शामिल हुए। आयोजकों का कहना है कि गतका को प्रदेश के गांवों, स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इस पारंपरिक खेल से जुड़ सकें। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।


रायपुर पुरुष और मुंगेली महिला टीम ने जीता खिताब
दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। पुरुष वर्ग में रायपुर की टीम और महिला वर्ग में मुंगेली की टीम ने बाजी मारी। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं के बीच गतका को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए शासन लगातार प्रयास करता रहेगा।
समापन समोरह में छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, बेबीलॉन ग्रुप के चेयरमैन जगजीत सिंह खनूजा, छत्तीसगढ़ सिख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संयोजक जी.एस भांबरा, सिमरन होटल्स ग्रुप के चेयरमैन प्रीतपाल सिंह होरा, परविंदर सिंह भाटिया सहित बड़ी संख्या में सिखजन मौजूद रहे।
आयोजकों और उपस्थित अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अमरजीत सिंह छाबड़ा को शुभकामनाएं दीं। आयोजन के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ में गतका जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।








