रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास में 30 अगस्त की रात 11 बजे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। खास बात यह है कि पकड़े गए सभी आरोपी नाबालिग यानी विधि से संघर्षरत बालक हैं।
जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर में एक युवक डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल AIIMS रायपुर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
ट्रेन से भागने की फिराक में थे आरोपी
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने RPF के साथ समन्वय स्थापित किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की तत्परता के चलते तीन आरोपियों को बिलासपुर में, जबकि एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया। इस तरह मामले में कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया है।
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य आया है कि वारदात को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए सभी नाबालिगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में से एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था। बाहर आने के कुछ ही समय बाद वह इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी पृथक रूप से दी जाएगी।








