रायपुर। RAIPUR : रायपुर जिले के आबकारी विभाग में शराब दुकानों के संचालन के लिए प्लेसमेंट एजेंसी इनोवसोर्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में जिला समन्वयक के पद पर नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जोगी कांग्रेस ने नियुक्त व्यक्ति के पुलिस सत्यापन और चरित्र प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए मामले की शिकायत पुलिस से की है।
जोगी कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष समसुल आलम ने पंडरी-मोवा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि जिला समन्वयक पद पर नियुक्त परितोष कश्यप द्वारा प्रस्तुत पुलिस सत्यापन एवं चरित्र प्रमाण पत्र कथित रूप से फर्जी तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद पंडरी-मोवा थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं जोगी कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। इस मामले में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।









