देश की कोचिंग राजधानी कहे जाने वाले राजस्थान के कोटा में गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने छात्रों के बीच पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और बढ़ती कोचिंग संस्कृति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि देश में बढ़ते प्रतिस्पर्धी माहौल और सीमित संसाधनों के कारण शिक्षा एक बड़े व्यापार में बदल गई है।
छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘आज देश में 22 लाख नीट अभ्यर्थियों के माता-पिता से लूट हो रही है। शिक्षा का यह व्यापार एक तरह का अपराध है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था ऐसी बन गई है, जिसमें छात्रों और उनके परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने तीन छात्रों सामिया मीणा, सानिया गुप्ता और हिमांशु डांगी को मंच पर बुलाकर उनसे सीधे बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था, मानसिक तनाव, करियर और भविष्य से जुड़े सवाल रखे।
पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की आवाज
राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने से पहले कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में छात्रों ने ‘नो मोर पेपर लीक’ अभियान में हिस्सा लिया। छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
छात्रों का कहना था कि बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बताने की कोशिश
कांग्रेस ने इस आयोजन को छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित “नॉन-पॉलिटिकल प्रोग्राम” बताया। राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले मंच पर लाइव म्यूजिक शो का आयोजन भी किया गया, जिसका उद्देश्य परीक्षा के दबाव और तनाव से जूझ रहे छात्रों को सकारात्मक माहौल देना बताया गया।
सियासी गर्मी भी चरम पर
राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चाओं में रहा। पहले उनके ट्रेन से कोटा आने की चर्चा थी, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम बदलकर वे चार्टर विमान से कोटा पहुंचे। वहीं शहर में कांग्रेस के स्वागत पोस्टर हटाए जाने को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर कार्यक्रम में बाधा डालने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी देश की राजनीति के बड़े मुद्दों में शामिल हैं। कोटा में छात्रों के बीच उनकी मौजूदगी को कांग्रेस युवाओं और विद्यार्थियों तक अपनी पहुंच मजबूत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।