नई दिल्ली। NEET UG 2026: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 के आयोजन से एक दिन पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। NTA के अनुसार, 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए देशभर में अभूतपूर्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
NTA ने बताया कि भारत के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी।

AI और CCTV से होगी निगरानी
परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में 1,38,560 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लाइव की जाएगी। साथ ही CCTV फुटेज का AI आधारित विश्लेषण भी किया जाएगा।
51 हजार से ज्यादा जैमर तैनात
पेपर लीक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए 51,311 जैमर लगाए गए हैं। इन जैमर्स को ECIL और BEL द्वारा तैनात किया गया है।
सुरक्षा में पुलिस, पैरामिलिट्री और वायुसेना भी शामिल
NTA के अनुसार परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग को भी शामिल किया गया है। गोपनीय परीक्षा सामग्री को कस्टोडियन बैंकों में सुरक्षित रखा गया है। 20 जून को देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित कर पूरी व्यवस्था की जांच भी की गई।
22 लाख से ज्यादा छात्रों के लिए विशेष इंतजाम
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, एम्बुलेंस, अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था और प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा अतिरिक्त रफ शीट और प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
फर्जी खबरों से सावधान रहने की अपील
NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और कथित “पेपर लीक” जैसी फर्जी खबरों पर ध्यान न देने की अपील की है। एजेंसी ने कहा कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।








