राजस्थान। NEET Re-Exam: राजस्थान की राजधानी जयपुर में NEET-UG 2026 री-एग्जाम के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक छात्रा को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए चीटिंग करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि छात्रा मोबाइल को अंडरगारमेंट्स में छिपाकर परीक्षा केंद्र तक ले गई थी और AI की मदद से सवालों के जवाब खोजने की योजना बना रही थी।
बिंदायका स्थित परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद शिक्षकों को छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में छात्रा ने स्वीकार किया कि उसने सुरक्षा जांच से बचने के लिए मोबाइल को शर्ट के बटन के नीचे अंडरगारमेंट्स में छिपाया था।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल में NEET प्रश्नपत्र की तस्वीरें भी मिली हैं। हालांकि परीक्षा केंद्र के आसपास लगे जैमर के कारण तस्वीरें बाहर नहीं भेजी जा सकीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि छात्रा केवल उत्तर खोजने की कोशिश कर रही थी या फिर किसी बाहरी नेटवर्क से भी उसका संपर्क था।
जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर ने दो बार अलर्ट दिया था। छात्रा ने सुरक्षा कर्मियों को बताया कि अलर्ट अंडरगारमेंट्स में लगे हुक की वजह से आ रहा है, जिसके बाद उसे अंदर जाने की अनुमति दे दी गई। अब पुलिस परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सोमवार को छात्रा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था और AI के संभावित दुरुपयोग को लेकर बहस छेड़ दी है।






