नोएडा। Crime News: नोएडा के मामूरा इलाके में 5 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने अपने पति पर बेटे को मुक्का मारने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 29 अगस्त को मामूरा इलाके में हुई। डायल-112 से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने पांच वर्षीय बेटे को मुक्का मारकर घायल कर दिया है।

मौके पर पहुंची पुलिस को बच्चे की मां ने बताया कि उसके पति विकास, निवासी बड़ा बम्हौरा (शाहजहांपुर), ने बेटे आकाश की कमर में मुक्का मारा था। इसके बाद बच्चा बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की शिकायत पर थाना फेस-3 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बच्चे को मुक्का मारने के आरोप से इनकार किया है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






