बिलासपुर। CG VIDEO : जिले में बारिश के बीच शहर की नाली से मगरमच्छ निकलने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। करबला इलाके में देर रात नाली में मगरमच्छ का बच्चा तैरता दिखाई दिया और कुछ ही देर में वह नाली से निकलकर एक घर में जा घुसा। मगरमच्छ को घर के अंदर देखकर लोगों में दहशत फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब एक महीने पहले हुई तेज बारिश के दौरान भी इलाके की नालियों में मगरमच्छ दिखाई दिया था, जिससे अब सवाल उठ रहा है कि आखिर मगरमच्छ शहर के बीचों-बीच नालियों तक पहुंच कैसे रहा है और क्या वह लंबे समय से नालियों के जरिए इलाके में घूम रहा था। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के बाद नालियों का पानी बाहर आने के दौरान मगरमच्छ का बच्चा नाली से निकलकर घर तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर निगम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे कानन पेंडारी जू ले जाया गया।

गनीमत रही कि घटना में किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने बारिश के दौरान शहर की नालियों, जलभराव वाले इलाकों और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर शहर की नाली तक मगरमच्छ पहुंचा कहां से और क्या ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नालियों और जलनिकासी व्यवस्था की निगरानी जरूरी नहीं है…..????








