रायपुर। CG NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ को रेलवे विकास की दिशा में बड़ी सौगात देते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इन स्टेशनों के शुरू होने से प्रदेश में रेल अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी और यात्रियों को पहले से बेहतर, सुरक्षित तथा सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

https://x.com/vishnudsai/status/2078095973952176584
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास प्रदेश के रेल नेटवर्क के विस्तार और अधोसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल स्टेशनों का आधुनिकीकरण नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस ये स्टेशन यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे परियोजनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन भवनों का पुनर्विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, एस्केलेटर और लिफ्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली, हाई-मास्ट लाइटिंग, पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय और आकर्षक लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे यात्रा अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी।
रेलवे विशेषज्ञों के अनुसार, आधुनिक स्टेशनों के विकसित होने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। सरोना स्टेशन रायपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जबकि चांपा और बालोद स्टेशन क्षेत्रीय यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। वंदे भारत ट्रेनों, समर्पित माल गलियारों, हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं देश के परिवहन तंत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया।










