आरंग। CG NEWS: राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे ग्राम रसनी में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। तहसील प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में एनएचएआई के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से मौके पर बनी पक्की बाउंड्री को हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।


तहसीलदार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रसनी निवासी थानसिंग चंद्राकर (75), पिता मनराखन लाल, द्वारा एनएचएआई की भूमि पर स्थित शासकीय हैंडपंप को अपने कब्जे में लेकर निजी उपयोग किए जाने की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही थी।
बताया गया कि उक्त हैंडपंप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा लगाया गया था और ग्रामीणों तथा आसपास के रहवासियों के लिए पेयजल का सार्वजनिक स्रोत था। प्रशासन के अनुसार वर्ष 2023-24 के दौरान हैंडपंप को कथित रूप से निजी उपयोग में लेते हुए वहां निजी इलेक्ट्रिक समरसिबल पंप लगाया गया था।
इस संबंध में तत्कालीन सरपंच और सचिव द्वारा भी नोटिस जारी किया गया था। शिकायतों के जांच के आधार पर तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग, पुलिस और एनएचएआई के अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी से बाउंड्री को तोड़कर भूमि को खाली कराया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार ने थानसिंग चंद्राकर को 15 दिन के भीतर हैंडपंप पुनः स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों और आमजन को पेयजल की सुविधा मिल सके। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में हैंडपंप नहीं लगाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








