खैरागढ़। CG NEWS: खरीफ सीजन 2026-27 के लिए जिले में किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग के अनुसार जिले की 65 सेवा सहकारी समितियों में अब तक 18,138.62 मीट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया गया है, जबकि 12,204.14 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है। वहीं 4,740.60 क्विंटल धान बीज का भंडारण तथा 3,433 क्विंटल बीज का वितरण किया गया है।
इस वर्ष जिले में 26 नई सहकारी समितियों के गठन के बाद कुल समितियों की संख्या 65 हो गई है। नवीन सेवा सहकारी समिति भुरभूसी और पथार्रा में भी खाद वितरण शुरू होने से किसानों को गांव के समीप ही कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो रही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर दूरस्थ गांवों तक उर्वरक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत भावे के किसानों को गांव स्तर पर ही खाद उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें लगभग 40 किलोमीटर दूर भोथली समिति जाने की परेशानी से राहत मिली है।

कृषि विभाग के उपसंचालक राजकुमार सोलंकी ने बताया कि जिले को 43 हजार मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य मिला है। डीएपी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए एसएसपी और एनपीके जैसे वैकल्पिक उर्वरकों की व्यवस्था की गई है। अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसानों को ओनरी पद्धति से धान बुवाई की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अधिक कीमत पर खाद बेचने की शिकायत तत्काल करने की अपील भी की है।






