जांजगीर-चांपा। CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में राइस मिल से धान चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, स्कूटी, मोटरसाइकिल और 21 हजार रुपये नकद बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार 14 जून की रात चंडीपारा स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में चौकीदार के भोजन करने जाने के दौरान बदमाशों ने पीछे की फेंसिंग काटकर मिल परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं। अगले दिन जांच में करीब 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई।

मामले में प्रार्थी ऋषि सिंह की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अकलतरा और चंडीपारा में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर अकलतरा स्थित एक राइस मिल से चोरी का धान बरामद किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
